राजस्थान-गुजरात के यात्रियों की बल्ले-बल्ले! बीकानेर-अहमदाबाद के बीच जल्द दौड़ेगी नई एक्सप्रेस ट्रेन
बीकानेर: राजस्थान और गुजरात के यात्रियों के लिए रेलवे बड़ी सौगात देने जा रहा है। जल्द ही अहमदाबाद (साबरमती)-बीकानेर (लालगढ़) एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने वाली है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जल्द ही इस नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
नई ट्रेन के शुरू होने से राजस्थान और गुजरात के बीच सीधा, तेज और सुविधाजनक रेल संपर्क स्थापित होगा। इससे स्टूडेंट्स, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।
740 किलोमीटर का सफर तय करेगी ट्रेन
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार यह एक्सप्रेस ट्रेन करीब 740 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। ट्रेन अहमदाबाद और बीकानेर के बीच प्रतिदिन संचालित होगी।
इस रेल सेवा से दोनों राज्यों के बीच व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इन जिलों को मिलेगा सीधा फायदा
नई ट्रेन गुजरात के अहमदाबाद, महेसाणा, पाटन और बनासकांठा जिलों को राजस्थान के जालौर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर और बीकानेर से जोड़ेगी।
प्रमुख स्टॉपेज: साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर और लालगढ़।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
इस ट्रेन से गुजरात के ऐतिहासिक स्थलों और राजस्थान के पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। बीकानेर के जूनागढ़ किला, करणी माता मंदिर और मरुस्थलीय पर्यटन क्षेत्रों में आने वाले पर्यटकों को सुविधा मिलेगी।
रेलवे लगातार बढ़ा रहा सुविधाएं
रेलवे द्वारा राजस्थान में लगातार नई रेल सेवाएं शुरू की जा रही हैं। नई बीकानेर-साबरमती एक्सप्रेस से पश्चिम भारत का रेल नेटवर्क और मजबूत होगा।
नई ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा और सफर पहले से ज्यादा आसान होगा।




