PBM से आई बड़ी राहत की खबर! 6 गंभीर प्रसूताओं में 4 की हालत में सुधार
बीकानेर। बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में पिछले एक सप्ताह से भर्ती गंभीर प्रसूताओं को लेकर अब राहत भरी खबर सामने आई है। अस्पताल में उपचाराधीन छह प्रसूताओं में से चार के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार दो प्रसूताओं को आगामी दो दिनों में डिस्चार्ज किए जाने की संभावना है, जबकि दो अन्य मरीजों की हालत में भी लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा है।
दो प्रसूताएं अभी भी वेंटिलेटर सपोर्ट पर
पीबीएम अस्पताल में भर्ती छह प्रसूताओं में से दो की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। दोनों मरीजों का इलाज गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में वेंटिलेटर सपोर्ट पर किया जा रहा है। चिकित्सकों की टीम 24 घंटे उनकी निगरानी कर रही है।
पहले से थे कई हाई रिस्क फैक्टर
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि भर्ती प्रसूताओं में पहले से कई स्वास्थ्य संबंधी जोखिम मौजूद थे। कुछ महिलाओं में खून की कमी थी और उनका हीमोग्लोबिन 7 से कम था। वहीं कुछ प्रसूताएं हाई ब्लड प्रेशर, कुपोषण और डिहाइड्रेशन से भी प्रभावित थीं।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम कर रही इलाज
इन मरीजों के उपचार के लिए मेडिसिन विभाग, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, नेफ्रोलॉजी, एनेस्थीसिया, पल्मोनरी मेडिसिन और न्यूरोलॉजी विभाग की संयुक्त टीम लगातार काम कर रही है।
रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी मरीजों की बेहतर देखभाल में जुटे हुए हैं।
24 घंटे निगरानी में मरीज
प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन और कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. परमेंद्र सिरोही के निर्देशन में गठित विशेष टीम लगातार मरीजों की मॉनिटरिंग कर रही है।
चिकित्सकों के अनुसार मरीजों की स्थिति में सुधार जारी है और बेहतर रिकवरी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
PBM अस्पताल प्रशासन ने मरीजों के स्वास्थ्य को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं।




