नोखा में सनसनीखेज मामला: महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म का आरोप, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने की शिकायत
नोखा न्यूज: बीकानेर जिले के नोखा थाना क्षेत्र में एक महिला ने परिचित महिला समेत दो पुरुषों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया गया और बाद में अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया।
छाछ लेने के बहाने घर बुलाने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि करीब एक साल पहले वह अपने पीहर गई हुई थी। इस दौरान पड़ोस में रहने वाली एक महिला और उसके पति ने उसे छाछ लेने के बहाने अपने घर बुलाया। आरोप है कि घर में पहले से ही एक युवक मौजूद था।
पीड़िता के अनुसार महिला ने उसे ऐसा पेय पदार्थ पिलाया, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। पेय पदार्थ पीने के बाद वह अर्ध-बेहोशी की हालत में पहुंच गई। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान आरोपी महिला और उसके पति ने युवक के मोबाइल से उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद आरोपी लगातार उसे ब्लैकमेल करने लगे।
पीड़िता ने बताया कि डर और सामाजिक दबाव के कारण उसने काफी समय तक यह बात परिवार से छिपाकर रखी। बाद में परिवार को जानकारी मिलने पर मोबाइल तोड़ दिया गया था।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी होने के बाद आरोपी युवक ने उसकी सामाजिक छवि खराब करने के इरादे से अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। अब आरोपी उसे जान से मारने की धमकियां भी दे रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़िता की शिकायत के आधार पर नोखा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित तथ्यों व साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।




