बीकानेर की महिला की ट्रेन हादसे में मौत: मोबाइल ब्लास्ट की अफवाह से मची भगदड़
Bikaner News: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में ट्रेन हादसे में बीकानेर की एक महिला समेत चार यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा ट्रेन में मोबाइल ब्लास्ट से आग लगने की अफवाह के बाद मची भगदड़ के दौरान हुआ।
अफवाह के बाद यात्री ट्रेन से उतर गए
रेलवे के अनुसार उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड पर खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस चेन पुलिंग के कारण रुकी हुई थी। इसी दौरान मोबाइल ब्लास्ट से आग लगने की अफवाह फैल गई।
घबराए यात्री ट्रेन से नीचे उतरकर रेलवे ट्रैक पर आ गए। इसी दौरान दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
बीकानेर की बीरमा देवी की हुई मौत
हादसे में बीकानेर जिले के घेसूरा गांव निवासी बीरमा देवी की भी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार वह अपने पीहर रघुनाथपुरा से रिश्तेदारों के साथ तीर्थ यात्रा पर गई थीं।
हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर फैल गई। परिजन गहरे सदमे में हैं और शव सोमवार शाम तक गांव पहुंचने की संभावना है।
पति की 15 साल पहले हो चुकी थी मौत
ग्रामीणों ने बताया कि बीरमा देवी के पति गिरधारी गुसाई की करीब 15 साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उनके चार बेटियां हैं। पति की मौत के बाद उन्होंने संघर्ष करते हुए परिवार की जिम्मेदारी संभाली।
गांव में छाया मातम
घटना की जानकारी मिलने के बाद घेसूरा गांव में मातम का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
रेलवे और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं कि अफवाह कैसे फैली और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी।




