बीकानेर में सीवरेज संकट: 20 दिन से जाम नाली, गंदे पानी में गिरकर 2 महिलाएं घायल
Bikaner News: बीकानेर के कुचीलपुरा क्षेत्र के वार्ड नंबर 62 में पिछले 20 दिनों से सीवरेज जाम की गंभीर समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम को कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
सीवरेज का गंदा पानी सड़कों पर फैलने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूषित पानी के कारण 12 जून को पैर फिसलने से दो महिलाएं गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घरों में घुस रहा सीवरेज का गंदा पानी
स्थानीय निवासियों के अनुसार सीवरेज का दूषित पानी अब घरों तक पहुंचने लगा है। इससे क्षेत्र में बीमारी फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से समस्या बनी हुई है लेकिन जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहा।
24 जून को बड़ा आयोजन, हादसे की आशंका
कुचीलपुरा क्षेत्र में आगामी 24 जून को पारंपरिक मोहल्ला अखाड़ा खेला जाना है। इस आयोजन में लगभग 30 से 35 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सीवरेज समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से लगाई गुहार
छात्र नेता शौकत गौरी, समाजसेवी अकबर गौरी, शरीफ गौरी, शफा भारी, इरफान रजा सहित मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त करवाने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में गंभीर हादसा हो सकता है।




