Aapni Awaj
टॉप न्यूज़ BIKANER STATE DESH / VIDESH POLITICS VASTU LIFE STYLE RECIPE JYOTISH
होम देखें ई-पेपर
मेनू
हिंदी / BIKANER

Bikaner: ACB कार्रवाई के बाद बड़ा एक्शन: नामित निदेशक जुगल किशोर पद से हटाए गए

09 Jun 2026, 09:40 PM
Share
Bikaner: ACB कार्रवाई के बाद बड़ा एक्शन: नामित निदेशक जुगल किशोर पद से हटाए गए

ACB कार्रवाई के बाद बड़ा एक्शन: नामित निदेशक जुगल किशोर पद से हटाए गए

बीकानेर। बीकानेर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की हालिया कार्रवाई के बाद राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए राजस्थान राज्य बीज निगम के नामित निदेशक जुगल किशोर को उनके पद से हटा दिया है। सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार जुगल किशोर पुत्र सतपाल को निदेशक मंडल के सदस्य पद से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया गया है।

राजस्थान राज्य बीज निगम की प्रबंध निदेशक श्वेता चौहान ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किए। जुगल किशोर को राज्य सरकार द्वारा नामित निदेशक बनाया गया था, लेकिन एसीबी कार्रवाई के बाद उन पर गंभीर आरोप सामने आने के चलते यह निर्णय लिया गया।

एसीबी की कार्रवाई के बाद हुआ फैसला

गौरतलब है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने हाल ही में बीकानेर में बड़ी कार्रवाई करते हुए नामित निदेशक जुगल किशोर सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई नकली बीज प्रकरण और कथित रिश्वतखोरी मामले से जुड़ी बताई जा रही है।

राजस्थान राज्य बीज निगम की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि निगम किसी भी प्रकार की अनियमितता और भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति पर कार्य करता है। इसी नीति के तहत जुगल किशोर को निदेशक मंडल से हटाने का निर्णय लिया गया है।

85 लाख रुपए के साथ पकड़ा गया था युवक

मामले की शुरुआत उस समय हुई जब एसीबी ने एक निजी बस से यात्रा कर रहे स्वतंत्र ज्याणी नामक युवक को 85 लाख रुपए नकद के साथ पकड़ा था। पूछताछ में युवक ने बताया कि यह रकम उसके मामा जुगल किशोर बिश्नोई की है।

इसके बाद एसीबी ने जुगल किशोर के ठिकानों पर दबिश दी, जहां से डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक की नकद राशि बरामद की गई। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर एसीबी ने जुगल किशोर सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

जांच जारी, हो सकते हैं और खुलासे

एसीबी द्वारा मामले की जांच अभी जारी है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के दौरान इस प्रकरण में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। वहीं सरकार की ओर से की गई कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

फिलहाल जुगल किशोर को निदेशक मंडल से हटाए जाने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

इस खबर को दोस्तों के साथ शेयर करें
WhatsApp Facebook