बज्जू। बीकानेर जिले के बज्जू उपखंड क्षेत्र के गोगड़ीयावाला गांव में रविवार को करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जेठू सिंह पुत्र प्रेम सिंह (उम्र 25 वर्ष), निवासी नारायणसर गोगड़ीयावाला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक किसी काम के दौरान करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मामले की जानकारी मिलने पर बज्जू पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। फिलहाल हादसा किस कारण से हुआ, इसका स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।




