बज्जू। पूगल ब्रांच के जीरो आरडी से निकलने वाली खरुला (केएलडी) वितरिका में वरीयता का पानी छोड़े जाने के तीन दिन बाद भी भूरासर क्षेत्र तक पानी नहीं पहुंचने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। सिंचाई के महत्वपूर्ण समय में पानी की कमी के चलते फसलों की बुवाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं क्षेत्र में आमजन और पशुधन के लिए पेयजल संकट भी गहराने लगा है।
क्षेत्र के किसानों का कहना है कि विभाग द्वारा वरीयता का पानी छोड़ा गया, लेकिन नहर के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पाया है। इसके कारण किसान समय पर खेतों में सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। किसानों ने बताया कि यदि समय रहते पानी नहीं मिला तो फसल उत्पादन पर सीधा असर पड़ सकता है।
मामले को लेकर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष श्याम सिंह भाटी (बरसलपुर) ने सिंचाई विभाग के उच्च अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने किसानों, ग्रामीणों और पशुधन के हित को देखते हुए जल्द से जल्द भूरासर क्षेत्र तक पर्याप्त पानी पहुंचाने की मांग की है।
श्याम सिंह भाटी ने कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया और किसानों को समय पर पानी उपलब्ध नहीं कराया गया तो किसानों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से हस्तक्षेप कर नहर में पानी की आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की है, ताकि खेती और पेयजल संकट से राहत मिल सके।




