E-auction of commercial plots started in RIICO industrial areas

26 मई से 13 जून तक वेबसाइट पर भाग ले सकेंगे निवेशक

बीकानेर। रीको औद्योगिक क्षेत्र करणी (एसजीसी), करणी विस्तार, खारा (आईजीसी), नापासर और नोखा (विस्तार) में वाणिज्यिक भूखण्डों की भव्य ई-नीलामी शुरू हो गई है। इसके साथ ही रीको इकाई कार्यालय बीकानेर के अधीन औद्योगिक क्षेत्र बीछवाल (एसडब्ल्यूएम) व खारा (आईजीसी) में 8 रहवासी भूखण्ड, बीछवाल में 1 संस्थानिक भूखण्ड, नापासर में 1 व्यवसायिक भूखण्ड (धर्मकांटा), करणी (एसजीसी) में 1 व्यवसायिक भूखण्ड (नर्सिंग होम), करणी विस्तार में 2 व्यवसायिक भूखण्ड और नोखा विस्तार में 4 व्यवसायिक भूखण्ड भी ई-नीलामी में शामिल किए गए हैं।

रीको बीकानेर इकाई प्रभारी एस. पी. शर्मा ने बताया कि इच्छुक आवेदक और ‘राइजिंग राजस्थान’ के तहत राज्य सरकार के साथ एमओयू कर चुके निवेशक रीको की वेबसाइट www.riico.rajasthan.gov.in के माध्यम से 26 मई 2025 सुबह 10:00 बजे से 10 जून 2025 शाम 6:00 बजे तक अमानत राशि जमा कर, 11 जून सुबह 10:00 बजे से 13 जून शाम 5:00 बजे तक ई-नीलामी में भाग ले सकते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक भूखण्ड की वास्तविक स्थिति देखने के लिए रीको प्रबंधन द्वारा उसका 360 डिग्री व्यू वेबसाइट पर अपलोड किया गया है, जिससे निवेशक भूखण्ड की स्थिति की सही जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

इस बार ई-नीलामी प्रक्रिया में नियमों में भी बदलाव किए गए हैं। आवंटन प्राप्त करने वाले निवेशक को दो वर्षों के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर उत्पादन शुरू करना होगा। निर्माण का क्षेत्रफल भूखण्ड के कुल क्षेत्रफल का कम से कम 30 प्रतिशत होना अनिवार्य होगा। साथ ही, भूखण्ड को बिना निर्माण के बेचना संभव नहीं होगा। केवल उत्पादन शुरू करने के पाँच वर्ष बाद ही निवेशक भूखण्ड को विक्रय कर सकेंगे।

Recommended For You

About the Author: fbadmin